जन विश्वास का नाम लेकर जनता से ही विश्वासघात पर उतारू भाजपा : अनुपम
रीवा। भारतीय जनता पार्टी की सरकार आए दिन आम जनता के बीच अपनी छवि को चमकाने और वोटों की फसल उगाने व भ्रमित करने के लिए एक नया जुमला उछालती है। आरोप मढ़ते हुए कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अनुपम तिवारी ने कहा कि भाजपा अब ” जन विश्वास ” का नाम लेकर एक बार फिर जनता जनार्दन के साथ विश्वास घात कर रही है । कांवड़ यात्रा का ढोंग कर नंदी बाबा को स्लाटर हाउस भेज रहे हैं । वास्तव में देखा जाए तो छात्रों , नौजवानो, किसानो , माताओं , बहनों पर क्रूरतापूर्वक लाठियां बरसाने वाली भाजपा का असली चेहरा पूरी तरह से बेनकाब हो चुका है। पूर्व के कार्यक्रमों पर नजर डालें तो “जन सुनवाई ” का क्या हाल है यह सब जानते हैं , इसके अलावा पूर्व में हुई घोषणाओं में शासन प्रशासन के अधिकारी साइकिल चलाएंगे , ईंधन व पैसा बचाएंगे का जुमला सिर्फ हवा में तैरता रह गया । ऐसे न जाने कितने जुमले भाजपा ने हवा में उछाले जो कभी हकीकत के धरातल पर अमली जामा नहीं पहन पाए । श्री तिवारी ने कहा कि जनता विवश होकर अपनी समस्याओं के लिए दर-दर की ठोकरें खाने पर मजबूर है। बेलगाम नौकरशाही इस कदर अन्याय और अत्याचार पर उतारू है की “सीएम हेल्पलाइन ” जैसी महत्वपूर्ण व्यवस्था को भी कुछ मानने के लिए तैयार नहीं है । ऐसी स्थिति में अब एक नया “जन विश्वास” का कार्यक्रम भाजपा और उसके नेता लेकर आए हैं जो पूर्णत: जनता के साथ विश्वास घात है क्योंकि वास्तविकता में जनता का कोई भी कार्य भ्रष्टाचार की नदी में गोता लगाए बिना हो नहीं पा रहा है । मात्र मीडिया में बड़े-बड़े दावे और वादों को जनता कैसे ओढ़े बिछाए पेट भरे । श्री तिवारी ने कहा किसानों को खाद नहीं मिल रही , उनकी जमीन जबरदस्ती अधिग्रहीत कर ली जाती है , सरकारी योजनाओं , नहरों , सड़कों के नाम पर और जब मुआवजा देना होता है तो दशकों तक किसानों व भू स्वामियों को मुआवजे के लिए भटकना पड़ता है । उसमें भी 10% तक कमीशन की मांग की जाती है । जबकि मध्य प्रदेश के माननीय उच्च न्यायालय ने सख्त आदेश दिया है कि जिन किसानों या भुस्वामियों का भूमि अधिग्रहण किया गया है यह सरकार , प्रशासन की जिम्मेदारी है कि उन्हें तत्काल मुआवजा दे व प्रकरणों का त्वरित निराकरण करे । बिजली की कटौती अघोषित रूप से लगातार जारी है बरसात के मौसम में गली-गली चौराहे चौराहे में भरा पानी विकास की उफान मारती कहानी कह रहा है। मोहल्ले मोहल्ले में सीवर लाइन और नालियों का पानी हर घर का बार बार आचमन कर जलमग्न करता ही है । श्री अनुपम तिवारी ने रीवा विधायक और उप मुख्य मंत्री श्री राजेंद्र शुक्ल से सवाल किया है कि आपकी सरकार जनता के दरवाजे पर जाने का पाखंड कितने दिन चलेगा ? या फिर यह भी गौ हत्या का लाइसेंस देकर गौ कथा करवाने जैसा है ? कांवड़ यात्रा का ढोंग कर नंदी बाबा को स्लाटर हाउस भेजने से कब रोकेंगे ? गौमाता को राष्ट्र माता कब घोषित करेंगे ? जनता का पेट अब जुमलों से भरने वाला नहीं है ।
जन विश्वास का नाम लेकर जनता से ही विश्वासघात पर उतारू भाजपा: अनुपम
By Janhit TV
Published on:




