*गुढ़ थाना क्षेत्र के बड़ागांव से दो ट्रैक्टर चोरी होने से फैली सनसनी, पुलिस की सक्रियता से एक बरामद दूसरे की तलाश जारी*
गुढ़। रीवा जिले के गुढ़ थाना अंतर्गत बड़ागांव में बीती रात अज्ञात चोरों ने घर के बाहर खड़े दो ट्रैक्टरों पर हाथ साफ कर दिया। चोरी की इस सनसनीखेज वारदात से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। हालांकि पुलिस की तत्काल कार्रवाई के चलते एक ट्रैक्टर को लावारिस हालत में बरामद कर लिया गया है, जबकि दूसरे की तलाश सरगर्मी से की जा रही है।प्राप्त जानकारी के अनुसार फरियादी जयप्रकाश सिंह पिता लालबहादुर सिंह निवासी बड़ागांव ने गुढ़ थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि उनके दो पॉवरट्रैक ट्रैक्टर रोजाना की तरह घर के बगल में स्थित पानी की टंकी के नीचे खड़े थे।एक ट्रैक्टर में ट्राली जुड़ी हुई थी जबकि दूसरे में भूसा बनाने वाली मशीन और ट्राली दोनों लगे हुए थे।गुरुवार सुबह जब जयप्रकाश सिंह सोकर उठे तो उन्होंने देखा कि दोनों ट्रैक्टर अपने स्थान से गायब थे। ट्रैक्टर चोरी होने की खबर फैलते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई। पीड़ित ने तत्काल इसकी सूचना गुढ़ थाना पुलिस को दी।
*सूचना मिलते ही पहुंची पुलिस*
सूचना मिलते ही गुढ़ पुलिस हरकत में आई और फरियादी के साथ मिलकर संभावित स्थानों पर खोजबीन शुरू की गई।तलाशी के दौरान पुलिस को सफलता मिली जब स्थानीय गोरगी गांव के समीप एक सुनसान इलाके में चोरी गया एक ट्रैक्टर ट्राली सहित लावारिस हालत में खड़ा मिला। पुलिस ने उक्त ट्रैक्टर को कब्जे में ले लिया है लेकिन दूसरा ट्रैक्टर अभी भी लापता है।
*क्या कहते हैं थाना प्रभारी*
इस संबंध में गुढ़ थाना प्रभारी शैल यादव ने बताया फरियादी द्वारा दो ट्रैक्टर चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई गई थी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए एक ट्रैक्टर और ट्राली को बरामद कर लिया है। प्रथम दृष्टया पूरा मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है।पुलिस हर पहलू की गहनता से जांच कर रही है। जल्द ही दूसरे ट्रैक्टर का पता लगा लिया जाएगा और आरोपियों को गिरफ्तार कर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।





