*चार क्विंटल गांजा के साथ तीन वाहन जब्त, अंतरराज्यीय तस्करी नेटवर्क पर पुलिस का बड़ा प्रहार*
शहडोल। शहडोल जिले में पुलिस ने अंतरराज्यीय गांजा तस्करी नेटवर्क के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए लगभग चार क्विंटल अवैध गांजा बरामद किया है। ब्यौहारी पुलिस, साइबर सेल और अन्य थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में तीन लग्जरी वाहनों से भारी मात्रा में गांजा जब्त कर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। कार्रवाई के बाद पूरे क्षेत्र में सक्रिय तस्करी नेटवर्क में हड़कंप मच गया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, जैतपुर क्षेत्र में पूर्व में पकड़े गए गांजा तस्करों से पूछताछ के दौरान पुलिस को अंतरराज्यीय सप्लाई नेटवर्क से जुड़े महत्वपूर्ण इनपुट मिले थे। आरोपियों द्वारा बताए गए रूट, सप्लाई चैन और वाहनों की जानकारी के आधार पर साइबर सेल लगातार निगरानी कर रही थी। इसी दौरान उड़ीसा से नए खेप के रवाना होने की सूचना मिलने पर पुलिस टीमों को सक्रिय किया गया।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एसडीओपी ब्यौहारी तथा थाना प्रभारी ब्यौहारी जिया-उल-हक के नेतृत्व में ब्यौहारी, देवलोद और जयसिंहनगर थाना पुलिस की संयुक्त टीम गठित की गई। ब्यौहारी-सीधी मार्ग पर मंटोला क्षेत्र में देर रात वाहनों की घेराबंदी कर चेकिंग अभियान चलाया गया।
चेकिंग के दौरान एक के बाद एक तीन संदिग्ध वाहन रोके गए। तलाशी में मारुति बलेनो वाहन से लगभग 106 किलो गांजा, एक्सएल-6 वाहन से करीब 170 किलो गांजा तथा एक्सयूवी-300 वाहन से लगभग 123 किलो गांजा बरामद किया गया। पुलिस ने तीनों वाहनों सहित कुल लगभग चार क्विंटल अवैध गांजा जब्त किया।
मामले में शेखर शुक्ला, राज कुमार गुप्ता और राम प्रकाश पटेल सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने तीन लग्जरी वाहन, सात मोबाइल फोन तथा अन्य सामग्री सहित करीब 75 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि तस्करी का यह नेटवर्क उड़ीसा से गांजा लाकर शहडोल, रीवा, सतना सहित आसपास के क्षेत्रों में सप्लाई करता था। पुलिस को आशंका है कि नेटवर्क के तार अन्य राज्यों तक भी जुड़े हो सकते हैं। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है और पुलिस को कई अन्य तस्करों एवं सप्लाई रूट की जानकारी मिलने की उम्मीद है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि कार्रवाई में साइबर सेल की तकनीकी निगरानी और डेटा विश्लेषण की महत्वपूर्ण भूमिका रही। बिना किसी मुठभेड़ के पूरी कार्रवाई समन्वित रणनीति के तहत अंजाम दी गई। पुलिस का कहना है कि जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।





