रीवा। जनजातीय वर्ग के ऐसे विद्यार्थी, जो पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति के लिए आवेदन नहीं कर पाए हैं, उनके लिए राहत भरी खबर है। जिला संयोजक, जनजातीय कार्य विभाग रीवा ने शासकीय एवं अशासकीय महाविद्यालयों के डीन, प्राचार्य और नोडल अधिकारियों को इस संबंध में पत्र जारी किया है।
पत्र के अनुसार, एमपीटास (MPTAAS) पोर्टल पर शैक्षणिक सत्र 2020-21 से छूटे हुए जनजातीय विद्यार्थियों का प्रवेश डेटा अपलोड करने की सुविधा उपलब्ध करा दी गई है। डेटा अपलोड होने के बाद विद्यार्थी शैक्षणिक सत्र 2020-21 से 2025-26 तक की पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति के लिए आगामी 5 दिसंबर तक आवेदन कर सकेंगे।
विभाग ने सभी संस्थानों को निर्देश दिए हैं कि वे विद्यार्थियों का प्रवेश एवं फीस डेटा संबंधित विभाग से पोर्टल पर दर्ज कराएं और पात्र छात्रों के आवेदन सुनिश्चित करें। निर्धारित समय सीमा के बाद पुराने सत्रों के लिए आवेदन का अवसर नहीं मिलेगा। आवेदन से वंचित रहने पर संबंधित संस्था और नोडल अधिकारी जिम्मेदार होंगे।






