रीवा। जिले में बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति पर रोक लगाने के लिए प्रशासन ने जागरूकता अभियान तेज कर दिया है। विशेष विवाह मुहूर्तों को देखते हुए अधिकारियों को सतर्क रहने और बाल विवाह की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भावना मरावी ने अधिकारियों को बाल विवाह पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि कानून के अनुसार 18 वर्ष से कम उम्र की लड़की और 21 वर्ष से कम उम्र के लड़के का विवाह बाल विवाह माना जाता है।
बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम 2006 के तहत दोषियों को दो वर्ष तक का सश्रम कारावास, एक लाख रुपये तक जुर्माना या दोनों सजाएं हो सकती हैं।
भावना मरावी ने नागरिकों से अपील की कि बाल विवाह की सूचना हेल्पलाइन नंबर 181, 1098 या 112 पर दें। वहीं, बाल अधिकार संरक्षक जय प्रकाश शुक्ला सुरक्षित बाल ग्राम कार्यक्रम के तहत इस अभियान को जिले में क्रियान्वित कर रहे हैं।






