होम मध्य प्रदेश रीवा सीधी सिंगरौली सतना भोपाल इंदौर जबलपुर

जिला कांग्रेस कमेटी सचिव तरुणेन्द्र द्विवेदी, ने किसानों की समस्याओं को लेकर भरी हुंकार

By Janhit TV

Published on:

---Advertisement---

 

कांग्रेस जिला सचिव तरुणेंद्र द्विवेदी ने जवा की समस्याओं को लेकर फिर भरी हुंकार

सिरमौर विधानसभा क्षेत्र के जवा ब्लॉक की विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर कांग्रेस कमेटी के जिला सचिव तरुणेंद्र द्विवेदी ने भाजपा सरकार और प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि थोड़ी सी बारिश होते ही जवा बाजार और आसपास के कई गांवों में जलभराव एवं कीचड़ की स्थिति बन जाती है, जिससे आमजन, स्कूली बच्चों और व्यापारियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
द्विवेदी ने कहा कि जवा बाजार में बजरंगबली मंदिर के समीप शराब दुकान संचालित हो रही है। उनका आरोप है कि यह दुकान मंदिर से बहुत कम दूरी पर है, जिससे धार्मिक भावनाएं आहत होती हैं। उन्होंने इसकी जांच कर उचित कार्रवाई की मांग की।
उन्होंने स्वास्थ्य व्यवस्था पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि जवा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में पर्याप्त डॉक्टरों की व्यवस्था नहीं है और गंभीर मरीजों को तत्काल रीवा रेफर कर दिया जाता है। उन्होंने जवा में महिला डॉक्टर सहित पर्याप्त चिकित्सकों की नियुक्ति की मांग की। साथ ही डभौरा, चौखंडी, कोनी, जनकहाई और पटेहरा जैसे उप-स्वास्थ्य केंद्रों में भी डॉक्टरों की तैनाती की मांग उठाई।
तरुणेंद्र द्विवेदी ने कहा कि जवा जनपद परिसर और बाजार क्षेत्र में जलभराव व गंदगी की समस्या लंबे समय से बनी हुई है, लेकिन प्रशासन इस ओर ध्यान नहीं दे रहा है। उन्होंने किसानों की समस्याओं का उल्लेख करते हुए कहा कि आवारा पशुओं से फसलें लगातार नुकसान झेल रही हैं, जबकि कई स्थानों पर गौशालाओं के भवन बने होने के बावजूद उनमें गौवंश नहीं हैं।
उन्होंने मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मांग की कि आवारा पशुओं के संरक्षण और किसानों की सुरक्षा के लिए शीघ्र प्रभावी व्यवस्था की जाए।
अंत में द्विवेदी ने चेतावनी दी कि यदि जवा क्षेत्र की इन समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो जवा मुख्यालय में व्यापक जनआंदोलन किया जाएगा।

Leave a Comment