नवीन जनपद पंचायत कार्यालय भवन के निर्माण कार्य का अध्यक्ष विकास तिवारी ने किया निरीक्षण
गुणवत्ता और समय-सीमा पर दिया विशेष जोर, अधिकारियों एवं निर्माण एजेंसी को शीघ्र कार्य पूर्ण करने के निर्देश
गंगेव। जनपद पंचायत गंगेव में निर्माणाधीन नवीन कार्यालय भवन का आज जनपद पंचायत अध्यक्ष विकास तिवारी ने स्थल पर पहुंचकर विस्तृत निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान भवन निर्माण की प्रगति, गुणवत्ता एवं समय-सीमा को लेकर अधिकारियों एवं निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधियों के साथ विस्तार से चर्चा की गई।
इस अवसर पर ग्रामीण यांत्रिकी सेवा के कार्यपालन यंत्री वी. डी. कोरी, सहायक यंत्री अमित जी, संविदाकार त्रिपाठी जी एवं संबंधित उपयंत्री उपस्थित रहे। अध्यक्ष श्री तिवारी ने निर्माण कार्य की बारीकी से समीक्षा करते हुए अधिकारियों से कार्य की वर्तमान स्थिति की जानकारी ली तथा निर्माण कार्य को निर्धारित मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण ढंग से कराने पर विशेष बल दिया।
अध्यक्ष विकास तिवारी ने कहा कि नवीन जनपद पंचायत कार्यालय भवन बनने से जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं क्षेत्र की जनता को बेहतर प्रशासनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं निर्माण एजेंसी को निर्देशित किया कि कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए तथा पूरी गुणवत्ता के साथ निर्माण कार्य को शीघ्र पूर्ण कर जनता के लिए समर्पित किया जाए।
निरीक्षण के दौरान निर्माण कार्य की गति को और तेज करने, तकनीकी मानकों का पूर्ण पालन सुनिश्चित करने तथा समयबद्ध रूप से भवन निर्माण पूर्ण करने को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए। उपस्थित अधिकारियों ने निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निर्माण कार्य पूरा करने का आश्वासन दिया।




