*?छात्रा से अश्लील बातचीत के आरोप में पीएम कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस के प्रभारी प्राचार्य निलंबित, जांच में प्रथम दृष्टया आरोप सही*
सतना। मध्यप्रदेश शासन के उच्च शिक्षा विभाग ने शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय (पीएम कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस) सतना के प्रभारी प्राचार्य डॉ. एस.सी. राय को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
*जांच में प्रमाणित हुए आरोप*
विभाग द्वारा शुक्रवार को जारी आदेश में कहा गया है कि एक छात्रा के साथ अनुचित वार्तालाप करने के आरोप क्षेत्रीय अतिरिक्त संचालक, उच्च शिक्षा, रीवा संभाग की जांच में प्रथम दृष्टया प्रमाणित पाए गए हैं। आदेश के अनुसार डॉ. राय पर पद के दुरुपयोग, अमर्यादित आचरण, स्वेच्छाचारिता एवं लापरवाही के आरोप लगाए गए हैं। इन्हीं आधारों पर उन्हें मध्यप्रदेश सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम, 1966 के नियम-9 के तहत तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है। निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय क्षेत्रीय अतिरिक्त संचालक, उच्च शिक्षा, रीवा संभाग का कार्यालय रहेगा। साथ ही उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ते की पात्रता होगी।
*ऑडियो वायरल होने के बाद हुई कार्रवाई*
यह कार्रवाई उस मामले में हुई है जिसमें कॉलेज की एक छात्रा से कथित आपत्तिजनक बातचीत का ऑडियो सामने आने के बाद उच्च शिक्षा विभाग ने जांच के आदेश दिए थे। जांच में प्रथम दृष्टया आरोप सही पाए जाने के बाद राज्य शासन ने यह अनुशासनात्मक कदम उठाया है। सरकारी महाविद्यालय के प्रभारी प्राचार्य पर इस तरह की कार्रवाई से उच्च शिक्षा विभाग में भी चर्चा तेज हो गई है। अब विभागीय जांच की आगामी प्रक्रिया में आरोपों का विस्तृत परीक्षण किया जाएगा, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई तय होगी।
*पूर्व में भी रहे हैं विवादों में*
उल्लेखनीय है कि पीएम कॉलेज आफ एक्सीलेंस के प्रभारी प्राचार्य डॉक्टर एस सी राय के ऊपर पूर्व में महाविद्यालय परिसर में अश्लील गानों पर मुंह पर नोट दबाकर ड्रांस करने का वीडिया सोशल मीडिया में वायरल हो चुका है। जिसके बाद महाविद्यालय कि एक छात्रा से अनुचित वार्तालाप का ऑडियो इंटरनेट मीडिया में बहुप्रसारित हुआ था। जिस पर उच्च शिक्षा विभाग ने कार्रवाई करते हुए निलंबित कर दिया है।




