होम मध्य प्रदेश रीवा सीधी सिंगरौली सतना भोपाल इंदौर जबलपुर

रीवा के आम नागरिकों को फिर मिली तैराकी की सुविधा 8 जून से मिलेगा प्रवेश

By Janhit TV

Published on:

---Advertisement---

*रीवा को फिर मिली तैराकी की सुविधा, 8 जून से शुरू होगा मिहिर सेन तरणताल*

*नगर निगम रीवा ने शुरू किया मिहिर सेन तरणताल, सोमवार से आमजन को मिलेगा प्रवेश*

*नगर निगम रीवा ने शुरू किया मिहिर सेन तरणताल, 8 जून से आमजन के लिए खुलेगा सोमवार से शुरू होगी तैराकी*

नगर निगम रीवा ने नगरवासियों को एक बड़ी सुविधा देते हुए मिहिर सेन तरणताल 8 जून 2026 से आम जनता के लिए पुनः प्रारम्भ कर रहा है। नगर निगम द्वारा शहरवासियों को स्वास्थ्य, फिटनेस एवं मनोरंजन की बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने के लिए मिहिर सेन तरणताल का संचालन प्रारंभ किया जा रहा है। निगम प्रशासन ने नागरिकों के लिए पंजीयन प्रक्रिया शुरू कर दी है, जिसके माध्यम से इच्छुक व्यक्ति मासिक सदस्यता प्राप्त कर अथवा दैनिक शुल्क जमा कर तरणताल की सुविधाओं का लाभ उठा सकेंगे।

तरण ताल में प्रवेश हेतु दो प्रकार के पैकेज उपलब्ध कराए गए हैं। मासिक सदस्यता पैकेज के अंतर्गत ₹2,500 प्रति व्यक्ति प्रतिमाह शुल्क निर्धारित किया गया है, जो माह के प्रारम्भ में अग्रिम रूप से जमा करना अनिवार्य होगा। मासिक सदस्य को प्रतिदिन एक बार तथा अधिकतम एक घंटे तैरने की पात्रता होगी। सदस्यता समाप्त होने के बाद नवीनीकरण न कराने पर सदस्यता स्वतः निरस्त मानी जाएगी। दैनिक आगंतुक पैकेज के अंतर्गत ₹100 प्रति व्यक्ति प्रति घंटे का शुल्क रखा गया है। दैनिक आगंतुक को प्रत्येक पाली के लिए अभिस्वीकृति प्रपत्र अनिवार्य रूप से भरना होगा। तरण ताल में प्रतिदिन तीन सत्रों में तैराकी की व्यवस्था की गई है। प्रातःकालीन सत्र प्रातः 6:00 बजे से 10:00 बजे तक सभी आगंतुकों के लिए खुला रहेगा। सायं 5:00 से 6:00 बजे तक का सत्र केवल महिलाओं के लिए आरक्षित रहेगा, जिसमें पुरुष का प्रवेश पूर्णतः वर्जित होगा। सायंकालीन सत्र सायं 6:00 बजे से 8:00 बजे तक सभी के लिए उपलब्ध रहेगा। प्रत्येक सत्र में एक समय पर अधिकतम 30 व्यक्तियों को ही प्रवेश दिया जाएगा । नगर निगम ने पंजीयन हेतु विशेष शर्ते रखी है जिनमें तरण ताल में प्रवेश हेतु पहचान व आयु सत्यापन के लिए आधार कार्ड, वोटर आईडी, अंकसूची अथवा जन्म प्रमाण पत्र में से कोई एक शासकीय पहचान पत्र अनिवार्य रूप से प्रस्तुत करना होगा। 18 वर्ष से कम आयु के आवेदकों के लिए माता-पिता अथवा अभिभावक का हस्ताक्षर अनिवार्य है। 5 वर्ष से कम आयु के बच्चों का प्रवेश पूर्णतः वर्जित रहेगा, जबकि 5 से 14 वर्ष आयु के बच्चों के साथ माता-पिता या अभिभावक का तरण ताल परिसर में उपस्थित रहना अनिवार्य होगा। नियमित मासिक सदस्यता लेने से पूर्व प्रारम्भिक तैराकी परीक्षा 20 मीटर की दूरी तैरकर पार करना उत्तीर्ण करना आवश्यक होगा। नगर निगम ने तैराकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए प्रत्येक सत्र में प्रशिक्षित लाइफगार्ड एवं तैराकी कोच की तैनाती सुनिश्चित की है। जिन आगंतुकों को तैरना नहीं आता, वे केवल पूल में चिह्नांकित उथले क्षेत्र (शैलो जोन) में ही रह सकेंगे, गहरे क्षेत्र में प्रवेश पूर्णतः वर्जित रहेगा। किसी भी स्वास्थ्य संबंधी अथवा संक्रामक रोग से पीड़ित व्यक्ति को प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
साथ ही निगम ने कुछ नियमों का पालन सख़्ती लागू करेगा जिसमें तरणताल परिसर में मदिरापान, धूम्रपान, पान-तम्बाखू का सेवन, थूकना एवं किसी भी प्रकार की गंदगी करना सर्वथा प्रतिबंधित है तथा उल्लंघन पर सदस्यता तत्काल निरस्त की जाएगी। पूल में उतरने से पूर्व परिसर के स्नानागार में स्नान करना आवश्यक है तथा शरीर पर तेल या साबुन लगाकर पूल में उतरना वर्जित है। निगम ने आगंतुकों को सलाह दी है कि वे पैसे, आभूषण, मोबाइल अथवा अन्य कोई मूल्यवान वस्तु परिसर में न लाएं, क्योंकि किसी भी क्षति अथवा चोरी की दशा में नगर निगम उत्तरदायी नहीं होगा। सदस्यता पहचान पत्र अहस्तांतरणीय है और इसके दुरुपयोग पर सदस्यता समाप्त कर दी जाएगी। इसके अतिरिक्त, नगर निगम द्वारा स्पष्ट किया गया है कि वर्तमान में मिहिर सेन तरणताल में केवल स्विमिंग पूल का संचालन किया जाएगा। सुरक्षा एवं तकनीकी कारणों से डाइविंग पूल को आगामी आदेश तक बंद रखा गया है तथा उसमें प्रवेश पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। नागरिकों को केवल निर्धारित स्विमिंग क्षेत्र में ही तैराकी की अनुमति होगी।
नगर निगम ने नगरवासियों से अपील की है कि वे इस सुविधा का भरपूर लाभ उठाएं और तरणताल के समस्त नियमों का पालन करते हुए तैराकी का आनंद लें।

गौरतलब है कि मिहिर सेन तरण ताल की ऑपरेशन एवं मेंटेनेंस निविदा जारी हो गई है, दीर्घकालीन निजी संचालन हेतु बोलीदाता चयन की प्रक्रिया जारी रहने के बावजूद नगर निगम ने जनहित को सर्वोपरि मानते हुए तरणताल का संचालन करने का निर्णय लिया है, ताकि रीवा शहर के नागरिकों को तैराकी की सुविधा बिना किसी व्यवधान के मिलती रहे।

Leave a Comment