होम मध्य प्रदेश रीवा सीधी सिंगरौली सतना भोपाल इंदौर जबलपुर

चिन्मय अमृत महोत्सव के पावन अवसर: पर पांच दिवसीय श्री हनुमान ज्ञान यज्ञ का भव्य आयोजन

By Janhit TV

Published on:

---Advertisement---

 

चिन्मय अमृत महोत्सव के पावन अवसर पर रीवा में पञ्च दिवसीय श्री हनुमान चालीसा ज्ञानयज्ञ एवं 108 समष्टि हवन का भव्य आयोजन

रीवा दिनांक 26 मार्च

अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर आध्यात्मिक चेतना के प्रसार हेतु समर्पित चिन्मय मिशन के स्थापना के 75वें वर्ष पूर्ण होने के पावन उपलक्ष्य में “चिन्मय अमृत महोत्सव” का आयोजन विश्वभर में विविध आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से किया जा रहा है।

इसी क्रम में विंध्य क्षेत्र में धर्म, संस्कृति एवं सनातन ग्रन्थों के प्रचार-प्रसार हेतु सतत सक्रिय चिन्मय मिशन रीवा द्वारा एक विशेष आध्यात्मिक आयोजन का शुभारंभ किया जा रहा है।

चिन्मय मिशन रीवा एवं मानस मण्डल रीवा के सहयोग से, श्री हनुमंत लला के प्राकट्योत्सव के पावन अवसर पर श्री हनुमान चालीसा पर आधारित पञ्च दिवसीय ज्ञानयज्ञ का आयोजन दिनांक 28 मार्च से 01 अप्रैल 2026 तक किया जा रहा है। यह आयोजन मानस भवन में प्रतिदिन सायं 05:00 बजे से 07:15 बजे तक सम्पन्न होगा।

इस ज्ञानयज्ञ में प्रवचन हेतु प्रमुख व्यास के रूप में परम पूज्य ब्रह्मचारी राघवेन्द्र चैतन्य (चिन्मय मिशन झांसी) की पावन उपस्थिति साधकों एवं श्रद्धालुओं को दिव्य आध्यात्मिक अनुभूति प्रदान करेगी। उनके मुखारविंद से श्री हनुमान चालीसा के गूढ़ तत्वों का सरल, प्रेरणादायी एवं जीवनोपयोगी विवेचन किया जाएगा, जो जनमानस में भक्ति, ज्ञान एवं वैराग्य का संचार करेगा।

ज्ञानयज्ञ के समापन उपरांत गुरुवार, 02 अप्रैल 2026 को श्री हनुमंत लला के प्राकट्योत्सव के शुभ अवसर पर एक भव्य आध्यात्मिक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन सदाशिव महादेव मंदिर (पद्मधर कॉलोनी मोड़, ढेकहा, रीवा) में प्रातः 07:00 बजे से प्रारंभ होगा।
कार्यक्रम के प्रमुख आकर्षण संपूर्ण विंध्याचल के 75 स्थानों में चल रहे हनुमान चालीसा हवन की पूर्णाहुति होगी जिसमें श्री हनुमान चालीसा का 108 बार संगीतमय सामूहिक पारायण, दोपहर 02:00 बजे से 27 कुण्डीय समष्टि हवन होगा। हवन उपरांत महाप्रसाद वितरण का प्रावधान है।

यह आयोजन सामूहिक साधना, भक्ति एवं आध्यात्मिक एकता का अद्वितीय संगम होगा, जिसमें अधिक से अधिक श्रद्धालुओं की सहभागिता सुनिश्चित करने का आग्रह किया गया है।

आयोजन समिति द्वारा समस्त धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं, जिज्ञासु साधकों एवं कथा-रसिकों से सपरिवार एवं इष्ट-मित्रों सहित इस पावन ज्ञानयज्ञ एवं हवन कार्यक्रम में सादर पधारने का आग्रह किया गया है, ताकि सभी इस दिव्य अवसर का आध्यात्मिक लाभ प्राप्त कर सकें।

विज्ञप्ति दाता :

सुभाष बाबू पाण्डेय
अध्यक्ष, मानस मण्डल, रीवा

विजय बहादुर सिंह कर्चुली
मैनेजिंग ट्रस्टी, चिन्मय सेवा ट्रस्ट, रीवा

Leave a Comment