12 जनवरी 2025 को, स्वर्गीय श्री लाल जी शर्मा जी की पुण्यतिथि के अवसर पर, रीवा के कृष्णा राज कपूर ऑडिटोरियम में किरण सेवा संस्थान द्वारा एक निशुल्क होम्योपैथिक चिकित्सा शिविर एवं डायमंड होम्यो अवार्ड समारोह का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में देशभर से लगभग 100 होम्योपैथिक चिकित्सकों ने भाग लिया और 576 मरीजों का निशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण कर दवाइयों का वितरण किया। साथ ही, 78 मरीजों का निशुल्क नेत्र परीक्षण भी किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मध्य प्रदेश शासन के उपमुख्यमंत्री माननीय श्री राजेंद्र शुक्ला जी थे, जबकि अध्यक्षता रीवा सांसद श्री जनार्दन मिश्रा जी ने की। विशिष्ट अतिथियों में डॉ. आयशा अली (रजिस्ट्रार, मध्य प्रदेश होम्योपैथी चिकित्सा, भोपाल), श्री वेंकटेश पांडे जी (नगर निगम अध्यक्ष, रीवा), श्रीमती शारदा मिश्रा जी (आयुष अधिकारी), श्रीमती कविता पांडे जी (प्रदेश महामंत्री, मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी), श्री अतुल जैन जी (रीजनल प्रेसिडेंट, लायंस क्लब रीवा), श्रीमती विमलेश मिश्रा (पूर्व उपाध्यक्ष, विंध्य विकास प्राधिकरण) एवं वरिष्ठ समाजसेवी पंडित राम जी मिश्रा, डॉ राजेंद्र मिश्रा उपस्थित रहे।
शिविर में शामिल प्रमुख होम्योपैथिक चिकित्सकों में डॉ. रामजी सिंह (पटना, बिहार), डॉ. आयशा अली (भोपाल), डॉ. गोविंद कुमार चौधरी (पाटन, गुजरात), डॉ. भक्त वात्सल्य (आजमगढ़, उ.प्र.), डॉ. पी.के. मुखर्जी (वाराणसी), डॉ. जयेश नटवरलाल (सूरत, गुजरात), डॉ. आर.ए. पटेल (गुजरात), डॉ. एके द्विवेदी (इंदौर), डॉ. सी.एल. यादव (इंदौर), डॉ. जितेंद्र सिंह तोमर (झारखंड) शामिल थे।
कार्यक्रम में सभी चिकित्सकों को डायमंड होम्यो अवार्ड से सम्मानित किया गया। यह आयोजन डॉ. अभय मिश्रा और उनके परिवार द्वारा किया गया, जिसमें परिवार सहित सभी गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। हम अपने पिता की नवमी पुण्यतिथि को सामाजिक सेवा के माध्यम से समर्पित करने का सौभाग्य प्राप्त कर गर्व महसूस करते हैं।
लायंस क्लब, रीवा के सहयोग से नेत्र चिकित्सा विशेषज्ञों द्वारा निशुल्क नेत्र परीक्षण उपरांत मोतियाबिंद ऑपरेशन की सुविधा लायंस अस्पताल में प्रदान की जाएगी। यह कार्यक्रम सुबह 9:00 बजे से दोपहर 1:00 बजे तक आयोजित किया गया, जिसमें समय की पाबंदी का विशेष ध्यान रखा गया।
इस प्रकार, किरण सेवा संस्थान ने स्वर्गीय श्री लाल जी शर्मा जी की स्मृति में समाजसेवा का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया, जो आने वाले समय में प्रेरणा का स्रोत बनेगा।




