होम मध्य प्रदेश रीवा सीधी सिंगरौली सतना भोपाल इंदौर जबलपुर

रीवा के प्रोफेसर स्कंद को तमिलनाडु महामहिम द्वारा सम्मानित किया गया

By Janhit TV

Published on:

---Advertisement---

रीवा के प्रोफेसर स्कंद को तमिलनाडु राजभवन में किया गया सम्मानित
रीवा। शासकीय माधव सदाशिवराव गोलवलकर महाविद्यालय, रीवा के प्राध्यापक प्रोफेसर स्कंद कुमार मिश्रा को तमिलनाडु के महामहिम राज्यपाल थिरू आर. एन. रवि द्वारा सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें तमिल महाकवि सुब्रमण्यम भरथियार के 144वें जन्मदिवस के अवसर पर आयोजित भारतीय भाषा दिवस समारोह में प्रदान किया गया।कार्यक्रम का आयोजन 11 दिसंबर 2025 को लोक भवन, चेन्नई स्थित भरथियार मंडपम में हुआ। इस अवसर पर प्रमुख अतिथि के रूप में महामहिम राज्यपाल थिरू आर. एन. रवि उपस्थित रहे तथा कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रोफेसर आर. चंद्रशेखरन, निदेशक, केंद्रीय शास्त्रीय तमिल संस्थान, चेन्नई ने की। समारोह में देशभर से भाषा, साहित्य, संस्कृति, कला एवं शिक्षा के क्षेत्र में विशेष योगदान देने वाले विद्वानों को आमंत्रित कर सम्मानित किया गया।प्रोफेसर मिश्रा को यह सम्मान शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य तथा तमिल भाषा के प्राचीन ग्रंथ “तिरुक्कुरल” के हिंदी से बघेली भाषा में अनुवाद के लिए प्राप्त हुआ। यह कार्य उन्होंने केंद्रीय शास्त्रीय तमिल संस्थान, चेन्नई के सहयोग से पूर्ण किया है। ग्रंथ के बघेली अनुवाद का प्रकाशन उक्त संस्थान द्वारा किया जा रहा है। इस अनुवाद कार्य में डॉ. उमेश मिश्र एवं श्री प्रियांशु कुशवाहा का अकादमिक सहयोग प्राप्त हुआ।“तिरुक्कुरल”, जिसे संत कवि तिरुवल्लुवर ने लगभग ईसा से 250 वर्ष पूर्व रचा था, धर्म, अर्थ और काम विषयों पर आधारित 133 अध्यायों एवं 1330 कुरलों का संकलन है। यह ग्रंथ मानव जीवन के नैतिक मूल्यों और विश्व कल्याण का दार्शनिक संदेश देता है।प्रोफेसर स्कंद मिश्रा की इस शैक्षणिक उपलब्धि पर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. शेषमणि शुक्ला, डॉ. सनत कुमार त्रिपाठी डीन, कृषि महाविद्यालय रीवा, प्राध्यापक गण — डॉ. अंजलि सिंह, डॉ. आर. के. तिवारी, डॉ. शैलजा सचान, डॉ. पल्लवी जाटव, डॉ. बी.एम.पाण्डेय सहित संपूर्ण महाविद्यालय परिवार, संपूर्ण देश के उनके अकादमिक मित्रों एवं परिजनों ने गर्व और प्रसन्नता व्यक्त की है।

Leave a Comment