*मीडिया में लगातार सुर्खियों के बाद धरातल पर उतरे रायपुर जनपद के एपीओ गोविंद नारायण श्रीवास्तव विधायक संग कार्यक्रमों में हो रहे शामिल*
*कर्तव्यों के प्रति लापरवाही की शिकायतों के बाद शुरू हुआ ग्राम पंचायतों का औचक दौरा, सीईओ का अतिरिक्त प्रभार मिलते ही सक्रियता में आया भारी बदलाव*
गुढ़। रीवा जिले के जनपद पंचायत रायपुर कर्चुलियान में पदस्थ अतिरिक्त कार्यक्रम अधिकारी गोविंद नारायण श्रीवास्तव इन दिनों प्रशासनिक और राजनैतिक गलियारों में चर्चा का केंद्र बने हुए हैं। पिछले काफी समय से मीडिया की लगातार सुर्खियों और स्थानीय स्तर पर लग रहे गंभीर आरोपों के बाद आखिरकार एपीओ ने धरातल पर उतरकर जमीनी स्तर पर सक्रियता दिखाना शुरू कर दिया है।
*शिकायतों का असर एसी कमरों से निकलकर फील्ड की ओर बढ़े कदम*
गौरतलब है कि बीते कुछ समय से एपीओ के खिलाफ मीडिया में लगातार शिकायतें और खबरें प्रकाशित हो रही थीं। यह आरोप लगाया जा रहा था कि एपीओ अपने शासकीय कर्तव्यों का सही तरीके से निर्वहन नहीं कर रहे हैं और वे क्षेत्र के विकास कार्यों की सुध लेने के बजाय केवल कार्यालय तक ही सीमित रहते हैं। फील्ड में न जाने की वजह से मनरेगा सहित अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं का क्रियान्वयन बुरी तरह प्रभावित हो रहा था। लेकिन लगातार मीडिया में आने और जन दबाव बढ़ने के बाद अधिकारी के रवैये में बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है। उन्होंने अब विभिन्न ग्राम पंचायतों का दौरा करना और जमीनी हकीकत से रूबरू होना शुरू कर दिया है।
*गुढ़ विधायक नागेंद्र सिंह के साथ विकास कार्यों में शिरकत*
अपनी इस बदली कार्यशैली के तहत बीते दिनों एपीओ ग्राम पंचायत दुआरी पहुंचे। वहां उन्होंने गुढ़ विधानसभा क्षेत्र के वरिष्ठ विधायक नागेंद्र सिंह के साथ आयोजित विकास कार्यों के भूमि पूजन एवं लोकार्पण कार्यक्रम में हिस्सा लिया। विधायक की मौजूदगी में विकास कार्यों की आधारशिला रखने और लोकार्पण समारोह में एपीओ की सक्रिय भागीदारी ने यह साफ कर दिया है कि वे अब अपनी छवि को सुधारने और शासन की प्राथमिकताओं को गति देने के लिए गंभीर हैं। इसी कड़ी में आज ग्राम पंचायत पड़रा में भी विकास कार्यों के भूमि पूजन और लोकार्पण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में भी एपीओ मुख्य रूप से शामिल रहे। उन्होंने पंचायत स्तर पर चल रहे कार्यों का निरीक्षण किया और संबंधित कर्मचारियों को गुणवत्तापूर्ण कार्य समय पर पूरा करने के कड़े निर्देश दिए।
*जनपद सीईओ का अतिरिक्त प्रभार और बढ़ी जिम्मेदारी*
विभागीय सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार एपीओ की इस अचानक बढ़ी सक्रियता के पीछे एक बड़ी वजह उन्हें मिला अतिरिक्त प्रशासनिक प्रभार भी है। दरअसल इस समय एपीओ के पास जनपद पंचायत रायपुर कर्चुलियान के मुख्य कार्यपालन अधिकारी का अतिरिक्त प्रभार भी है। सीईओ जैसे महत्वपूर्ण और जिम्मेदार पद का प्रभार मिलने के बाद उनके कंधों पर पूरे जनपद क्षेत्र की जिम्मेदारी आ गई है। ऐसे में विकास कार्यों की समीक्षा करने जनता से सीधा संवाद स्थापित करने और जनप्रतिनिधियों के साथ समन्वय बनाकर काम करने के लिए उन्हें अब फील्ड में उतरना ही पड़ रहा है।



